पीएम आवास के आवेदन वापस ले रहे लोगों की जांच हो: मेयर
हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट ने वनभूलपुरा क्षेत्र में पीएम आवास योजना के आवेदन वापस लेने की प्रक्रिया पर संदेह जताया है। उन्होंने प्रशासन से जांच की मांग की ताकि असली कारणों का पता चल सके। मेयर ने कहा कि केवल योग्य लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिलना चाहिए।

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। मेयर गजराज बिष्ट ने वनभूलपुरा क्षेत्र में पीएम आवास योजना के आवेदन वापस ले रहे लोगों की जांच करने की मांग की है। गुरुवार को मेयर ने प्रेस वार्ता कर लोगों के जमा किए गए आवेदन वापस लेने को संदेह की स्थिति बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन को कब्जामुक्त करने के लिए स्थानीय निवासियों से सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पीएम आवास के फॉर्म भरवाए गए थे। क्षेत्र में लगाए गए कैंप में सात हजार से अधिक आवेदन जमा किए गए हैं। अब कई लोग अपने आवेदन वापस ले रहे हैं। मेयर ने कहा कि आवेदन वापस लेने की प्रक्रिया संदिग्ध लग रही है।
उन्होंने आशंका जताई कि जांच के दौरान कुछ लोगों के तथ्य छिपाने या अन्य कारणों से आवेदन वापस लिए जा रहे हैं। मेयर ने कहा कि प्रशासन को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए, ताकि आवेदन वापस लेने के वास्तविक कारण सामने आ सकें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आवेदन के समय दिए गए शपथ पत्रों की जांच कर यह भी देखा जाना चाहिए कि कहीं बाहरी राज्यों के किराएदारों की ओर से गलत तरीके से आवेदन तो नहीं किए गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएम आवास योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र लाभार्थियों को ही मिलना चाहिए।


