ये कैसा खेल! सिलिंडर मिल नहीं रहा और फोन पर आ रहे डिलीवरी के मैसेज
Updated: Thu, 09 Apr 2026 01:01 PM (IST)
हल्द्वानी में गैस सिलेंडर संकट के बीच लोगों को बिना डिलीवरी के ही मोबाइल पर सिलेंडर मिलने के मैसेज आ रहे हैं। …और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। गैस संकट के बीच पहले से जूझ रहे लोगों की समस्या तब और बढ़ जा रही है, जब उनके मोबाइल पर गैस की डिलीवरी का मैसेज आ रहा है, जबकि वास्तव में उन्हें सिलिंडर मिला ही नहीं है।
बुधवार को सरस मार्केट स्थित इंडेन की गैस एजेंसी में रिटायर्ड सैनिक समेत कुछ लोग पहुंचे, जिन्होंने बताया कि जब वे सिलिंडर की बुकिंग करने लगे तो उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनका सिलिंडर पहले ही डिलीवर हो चुका है।
गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचे करायल चतुर सिंह निवासी रिटायर्ड सैनिक आरएस मेहरा ने बताया कि उन्होंने बुधवार सुबह सिलिंडर की बुकिंग करने की कोशिश की तो उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उन्हें 26 मार्च को गैस सिलिंडर डिलीवर हो चुका है। उन्होंने अपनी गैस की पासबुक भी दिखाई, जिसमें एंट्री भी नहीं चढ़ी थी।
इसी तरह श्याम विहार, तल्ली बमौरी निवासी महेश चंद्र ने बताया कि उन्होंने भी गैस बुक करने का प्रयास किया तो उनके मोबाइल पर 26 मार्च को सिलिंडर डिलीवरी का मैसेज आया। इसी तरह एक अन्य महिला ने बताया कि उन्होंने जून में आखिरी बार सिलिंडर बुक किया था। अब उन्होंने फिर से सिलिंडर बुक किया तो उनके पास पिछले महीने ही डिलीवर होने का मैसेज आ गया।
लोगों में है जबरदस्त नाराजगी
गैस एजेंसियों में रोजाना इस तरह की शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे हैं। गैस एजेंसी के कर्मचारी उन्हें नया सिलिंडर देने का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब लोगों को सिलिंडर नहीं मिल रहा है तो कैसे उनके मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज आ रहा है। यही नहीं कई ऐसे लोग भी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, जिनके खाते में सब्सिडी भी पहुंच जा रही है।
नौ दिन बाद भी नहीं आया डीएसी
तमाम व्यवस्थाएं बनाने के बाद भी लोगों को सिलिंडर की होम डिलीवरी समय पर नहीं हो पा रही है। जीतपुर नेगी निवासी गंगोत्री चंद ने बताया कि जब होम डिलीवरी की बात है तो घर पर क्यों नहीं सिलिंडर दे रहे हैं। तीन बार गाड़ी आ गई है, लेकिन उन्हें सिलिंडर ही नहीं मिल रहा। इसी तरह बिठौरिया एक निवासी त्रिवेणी शर्मा ने बताया कि उन्होंने 31 मार्च को बुकिंग की थी, लेकिन अभी तक डीएसी नंबर ही नहीं आया है।

