रामनगर में दिनदहाड़े फायरिंग, डंपर चालक के बेटे पर हमला, हल्द्वानी में महिला से मारपीट
रामनगर दिनदहाड़े फायरिंग मामले के बाद से इलाके में दहशत है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
![]()
रामनगर में दिनदहाड़े फायरिंग
(
ETV Bharat
)

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 19, 2026 at 2:21 PM IST
रामनगर/हल्द्वानी: एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई. गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है.
रामनगर कोतवाली में तहरीर देते हुए पीड़ित जसवीर सिंह ने बताया कि वह बंजारी गेट कोसी में डंपर चालक का काम करता है. रोज की तरह 16 अप्रैल को भी वह सुबह करीब 8 बजे काम पर चला गया था. दोपहर में उसका बेटा अमृत सिंह उसे खाना देने पहुंचा.
इसी दौरान वीरपुर लच्छी पुल के पास अर्जुन सिंह पुत्र गुरदास सिंह भी मौजूद था. आरोप है कि अर्जुन सिंह ने अमृत को रोककर उसके कपड़ों को लेकर ताना मारा और फिर मां-बहन की गालियां देने लगा. विरोध करने पर उसने अमृत के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया.
पीड़ित के अनुसार, 18 अप्रैल को जब जसवीर सिंह और उनका बेटा काम से लौट रहे थे. पीएमश्री जीआईसी थारी के पास पहुंचे, तभी अर्जुन सिंह काले रंग की स्कूटी से वहां आ धमका. आरोप है कि उसने अमृत पर तमंचे से निशाना साधते हुए फायर कर दिया. गोली अमृत को नहीं लगी और वह किसी तरह मौके से बचकर निकल गया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने दोबारा फायर करने की भी कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही युवक वहां से भाग निकला.
जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि हुई है. आरोपी अर्जुन सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. वह पहले भी फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस ने धारा 173 बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
वहीं, हल्द्वानी के पनचक्की–जमरानी रोड में स्कूटी सवार महिला और उसकी बेटी से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के वक्त महिला की बेटी भी स्कूटी में सवार थी. उक्त घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है. पीड़ित पक्ष ने आज उच्चाधिकारियों से मिल कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है.
पढे़ं- रामनगर के व्यस्तम भवानीगंज चौराहे पर युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, पड़ताल में जुटी पुलिस
पढे़ं- रामनगर में टाइगर का हमला, घायल हाथी के बच्चे की इलाज के दौरान मौत


