लालकुआं को स्वच्छता में नंबर वन बनाने वाले पर्यावरण मित्र हुए सम्मानित
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया सम्मानित लालकुआं, संवाददाता। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में
लालकुआं, संवाददाता। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में नगर पंचायत लालकुआं को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर नगर पंचायत के ग्रीन पार्क में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें शहरी विकास एवं पर्यावरण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हर हाल में धन की कमी नहीं आएगी। रविवार को आयोजित भव्य संगीत संध्या एवं संगोष्ठी में पर्यावरण मित्रों के साथ ही नगर पंचायत के निवर्तमान अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, वर्तमान अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत भी सम्मानित हुए।
अपने संबोधन में मंत्री कैड़ा ने कहा कि लालकुआं नगर पंचायत प्रदेश की मॉडल नगर पंचायत है, इसे और अधिक सशक्त एवं मजबूत बनाने के लिए वह यहां की बोर्ड के साथ सदैव खड़े रहेंगे। क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने कहा कि जल्द ही लालकुआं को गौला रोड में फ्लाईओवर और लालकुआं नगर पंचायत के विस्तारीकरण का तोहफा दिया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि कार्यक्रम में भारतीय सेना के प्रसिद्ध बैंड (रानीखेत) का उत्कृष्ट प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर एचसीएम स्कूल और होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किये। यहां विशिष्ट अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पूर्व चेयरमैन पवन चौहान, लाल चंद्र सिंह, कैलाश चंद्र पंत, उर्मिला मिश्रा, कैप्टन खिलाफ सिंह दानू, बॉबी संभल, सभासद भुवन पांडे, योगेश उपाध्याय, शबनम, दीप्ति पांडे, नेहा आर्या, अरुण जोशी, गोविंद सिंह राणा आदि मौजूद रहे।नगर की इन प्रतिभाओं को मिला सम्मानलालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं में सेवारत दिनेश सिंह का सहकारिता विभाग में चयन होने, कृतिका राणा का खो-खो जूनियर वर्ग में चयन होने, राजेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह का खो-खो में चयन होने, सोनाक्षी लोटनी और नितिन भाटी का क्रिकेट अंडर 15 और 19 में चयन होने पर पुरस्कृत किया। वहीं फैजान को हाईस्कूल में प्रथम स्थान लाने के लिए सम्मानित किया। वीरांगना मीरा गंगवार और मुन्नी देवी के साथ ही गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा लेने वाले देवेंद्र कनवाल और हेमंत जीना को सम्मानित किया। क्षेत्र में जहरीले सांपों को रेस्क्यू करने वाले वन कर्मी हेमंत करायत भी सम्मानित हुए।



