सूखे कूड़े के निस्तारण के लिए मेयर ने शुरू किया एमआरएफ सेंटर
फोटो… 50 मीट्रिक टन सूखे कूड़े का हर दिन होगा निस्तारण हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। हल्द्वानी
हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। हल्द्वानी में सूखे कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण शुरू हो गया है। बुधवार को मेयर गजराज बिष्ट ने इसके लिए गौलापार रोखड़ में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का उद्घाटन किया। यह सेंटर हर दिन पचास मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण करेगा। हल्द्वानी नगर निगम के साथ ही जिले के निकायों का कूड़ा गौलापार के ट्रेंचिंग ग्राउंड में एकत्र किया जाता है। सूखे और गीले कूड़े की अलग-अलग व्यवस्था नहीं होने से एक साथ ही इसके ढेर लगाए जाते हैं, जिससे यहां कूड़े के पहाड़ लग रहे हैं। इसके समाधान के लिए नगर निगम ने जहां एक ओर जवाहर नगर में गीले कूड़े से खाद बनानी शुरू की है, वहीं अब सूखे कूड़े के निस्तारण के लिए गौला रोखड़ में एमआरएफ सेंटर बनाया है।
इसके माध्यम से कूड़े में मौजूद प्लास्टिक, धातु, कागज और कांच के साथ अन्य सामान अलग कर रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। बुधवार को मेयर गजराज बिष्ट ने सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर मेयर ने कहा कि सेंटर बनने से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और वैज्ञानिक निस्तारण में तेजी आएगी। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि हर दिन पचास मीट्रिक टन सूखे कूड़े का निस्तारण होने से ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचने वाले कूड़े में कमी आएगी। इस मौके पर वरिष्ठ नगर आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, लेखा अधिकारी गणेश भट्ट सहित बैणी सेना के सदस्य और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।


