हल्द्वानी में जिस घर में गूंजने वाली थी शहनाई:वहां बिछ गई लाश गाय से टकराकर स्कूटी सवार युवती की मौत
हल्द्वानी के रामपुर रोड पर बेल बाबा के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवती की जान चली गई। युवती रुद्रपुर सिडकुल से ड्यूटी कर अपने घर लौट रही थी, तभी सड़क पर गाय से उसकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। राहगीर ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
राहगीरो ने घायल युवती को पहुचाया अस्पताल
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से हल्द्वानी की ओर आ रहे एक कार सवार ने सड़क पर एक गाय को गिरा हुआ देखा। वह गाय की मदद के लिए जैसे ही गाड़ी से उतरा, उसकी नजर सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ी एक लड़की और उसकी स्कूटी पर पड़ी। कार सवार ने बिना देरी किए मानवता दिखाई और युवती को अपनी गाड़ी में लादकर तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी।
भाई के फोन से हुई शिनाख्त
जब पुलिस अस्पताल पहुंची, तो युवती का उपचार चल रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर भाई का फोन आया, जिससे उसकी पहचान श्रेया जोशी (24 वर्ष) पुत्री ओमप्रकाश जोशी, निवासी हिम्मतपुर तल्ला, कमलुवागंजा (मुखानी) के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, स्कूटी के अगले हिस्से में गाय के बाल फंसे हुए मिले हैं, जिससे साफ है कि हादसा गाय से टकराने के कारण ही हुआ।
6 मई को आने वाले थे ‘लड़के वाले’, अब घर से उठेगी डोली की जगह अर्थी
इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। श्रेया तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी और उसका एक भाई भी है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और परिवार श्रेया के हाथ पीले करने की तैयारी कर रहा था।परिजनों ने बताया कि श्रेया के लिए रिश्ता देखा जा रहा था। आगामी 6 मई को लड़के वाले उसे देखने घर आने वाले थे।जिस घर में शादी की चर्चाएं और खुशियां थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

