हल्द्वानी। शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में शनिवार शाम फायरिंग की सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया, जहां एक व्यक्ति ने रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गनीमत रही कि इस हमले में वादी और उसका पोता बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं। मामले के अनुसार कपूर आटा चक्की, सुभाष नगर निवासी कमल परमार ने अपने साथियों के साथ कोतवाली हल्द्वानी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार शाम करीब 7 बजे मनीष परिहार नामक व्यक्ति ने अपनी कार से आकर उन पर फायरिंग की। गोली उनके मकान की सीढ़ियों में जा लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर गठित टीम ने तेजी दिखाते हुए आरोपी मनीष परिहार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की रिवॉल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हल्द्वानी के कृष्णा नगर क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से बागेश्वर जनपद का रहने वाला है। पुलिस अब घटना के पीछे की वजह और आपसी रंजिश की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

