हल्द्वानी में अवैध लीसा परिवहन का खुलासा, फर्जी नंबर प्लेट और मिटे चेसिस नंबर
Updated: Sat, 11 Apr 2026 01:23 PM (IST)
नन्धौर उप वन प्रभाग की जांच में हल्द्वानी में अवैध लीसा परिवहन का बड़ा खुलासा हुआ है। एक टेम्पो ट्रैवलर में 17 क्विंटल लीसा जब्त किया गया, जिसमें फर्ज …और पढ़ें

रवि भट्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज। Concept Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। नन्धौर उप वन प्रभाग की प्रारंभिक जांच में अवैध लीसा परिवहन के एक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कुसुमखेड़ा निवासी आरोपित रवि भट्ट के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दी है।
वन विभाग के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को छकाता रेंज के अंतर्गत हनुमानगढ़ी बैरियर से लगभग 800 मीटर आगे हैड़ाखान मार्ग पर एक टेम्पो ट्रैवलर संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला था। इसमें अवैध रूप से 114 टिन लीसा (लगभग 17 कुंटल) भरा मिला। मौके पर वाहन को लीसा सहित भारतीय वन अधिनियम की धाराओं में जब्त कर वन अपराध दर्ज किया गया था।
तलाशी के दौरान वाहन में मिले पीयूसी प्रमाण पत्र में वाहन संख्या यूके08पीए 0061 अंकित थी, जबकि जब्त वाहन से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। जांच में पाया गया कि वाहन के चेसिस और इंजन नंबर पूरी तरह मिटाए गए थे व फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
परिवहन विभाग से ली जानकारी
वन विभाग ने इसकी जानकारी परिवहन विभाग से ली, जिसमें जानकारी लेने पर दोनों नंबरों के वास्तविक स्वामियों को नोटिस भेजा गया। जिसपर वाहन संख्या यूके07टीबी 3664 के स्वामी मनोज कुमार ने दस्तावेज प्रस्तुत कर बताया कि उनका वाहन उनके कब्जे में सुरक्षित है।
वहीं वाहन संख्या यूके08पीए 0061 के स्वामी शिशपाल ने जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर जब्त वाहन की भौतिक पहचान की और बताया कि उन्होंने यह वाहन 30 सितंबर 2024 को रवि भट्ट निवासी कुसुमखेड़ा को 1.50 लाख रुपये में बेचा था।
जांच में यह भी सामने आया कि वाहन का पंजीकरण रवि भट्ट ने अपने नाम नहीं कराया और टैक्स की वैधता भी नवंबर 2024 में समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वाहन का उपयोग किया गया। जांच में सामने आया की अवैध लीसा परिवहन के लिए वाहन के नंबर बदलकर और चेसिस-इंजन नंबर मिटाकर सुनियोजित तरीके से जालसाजी की गई।
वन विभाग के अनुसार रवि भट्ट को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हुआ। जांच में उसकी संलिप्तता स्पष्ट होने पर भारतीय न्याय संहिता-2023 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी गणेश दत्त जोशी ने थाना काठगोदाम को भेजे पत्र में मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इसके आधार पर काठगोदाम थाना पुलिस ने कुसुमखेड़ा निवासी रवि भट्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी में सहायक अभियंता संग मारपीट, मोबाइल तोड़ा और चेन लूटी
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी में मुस्लिम टेलर के प्यार में पड़ी बेटी, आहत मां-बाप ने छोड़ा शहर; पिता बोले ‘टूट गया दिल’

