हल्द्वानी में मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इस दौरान बाहर निकलना लोगों के लिए काफी मुश्किल भरा रहा और गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया।
अप्रैल की शुरुआत में जहां पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लोगों को हल्की ठंड और बारिश से राहत मिली थी वहीं अब मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भाबर और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप, शुष्क हवाओं और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
स्थिति यह है कि कुछ दिन पहले तक गर्म कपड़े पहनने वाले लोग अब चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से बचने के रास्ते तलाश रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार हाल ही में हुई बारिश से जो अस्थायी राहत मिली थी वह अब खत्म हो चुकी है और वातावरण पूरी तरह शुष्क हो गया है। इसी वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
देहरादून से अधिक गर्म हल्द्वानी
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान देहरादून से अधिक रहा। हल्द्वानी के 36 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले देहरादून में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान 11.8 रहा। इसी तरह मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.3 और न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
अप्रैल में पहली बार पारा 35 के पार
इस महीने यह पहली बार है जब तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार गया है। कुछ दिन पहले तक मौसम में हल्की ठंडक बनी हुई थी। इस दौरान लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए थे लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
पिछले दिनों का तापमान रिकॉर्ड
तारीख – अधिकतम – न्यूनतम
06 अप्रैल: अधिकतम 32.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस
07 अप्रैल: अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस
08 अप्रैल: अधिकतम 28.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस
09 अप्रैल: अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस,
10 अप्रैल: अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस,
11 अप्रैल: 11 अप्रैल को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहा
12 अप्रैल: अधिकतम 30.3 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 10.7 डिग्री सेल्सियस
13 अप्रैल: अधिकतम 34.5 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 12.3 डिग्री सेल्सियस
—-डॉक्टरों की सलाह—-
फिजिशियन डॉ. पीएस टाकुली और डॉ. नीलांबर भट्ट के अनुसार :
शरीर को निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) से बचाने के लिए पर्याप्त पानी पीएं
खाली पेट घर से बाहर न निकलें
धूप में निकलते समय चश्मा और सनस्क्रीन का उपयोग करें
सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर रखें
दोपहर के समय अनावश्यक बाहर जाने से बचें
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें
इस हफ्ते पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री और बढ़ सकता है। फिलहाल तापमान सामान्य से एक या दो डिग्री अधिक है। आने वाले महीनों में अत्यधिक गर्मी के संकेत नहीं है। – रोहित थपलियाल मौसम वैज्ञानिक

