पानी नहीं मिलने पर पनचक्की चौराहे में किया अभियंता का घेराव
हल्द्वानी के वार्ड 36 जवाहर ज्योति प्रथम के निवासी पेयजल संकट से परेशान हैं। उन्होंने पनचक्की चौराहे पर अभियंताओं का घेराव किया, आरोप लगाते हुए कि कई महीनों से पानी की कमी हो रही है। शिकायतों के बावजूद विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे धरना शुरू करेंगे।

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। पेयजल संकट से जूझ रहे वार्ड 36 जवाहर ज्योति प्रथम के लोगों ने बुधवार को पनचक्की चौराहे पर अभियंताओं का घेराव कर दिया। आरोप है कि कई माह से क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग समाधान नहीं कर रहा है। पनचक्की चौराहे से सटी कॉलोनियों में पिछले कई महीनों से लोग पानी की कमी से जूझ रहे हैं। बुधवार को क्षेत्र में पहुंचे कनिष्ठ अभियंता सोहन सिंह को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। लोगों ने उनका घेराव कर कहा कि विभाग में लगातार शिकायत दर्ज कराई जा रही है, लेकिन समाधान तो दूर, अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
इससे लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। बताया गया कि गर्मी बढ़ने के साथ पानी का संकट और गहरा हो रहा है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चेतावनी दी गई कि जल्द पेयजल आपूर्ति नहीं सुधरी तो विभाग में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता चंदन देवराड़ी ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने घेराव समाप्त किया। यहां पार्षद तनुजा जोशी, जया देवी, गंगा देवी, सुमन, तारा, सुषमा, पुष्पा देवी, हेमा, चंपा, लता, गुलाबराम, सुभाष, गिरीश चंद्र, कमलेश, गौरव और दर्शन मौजूद रहे।


