हल्द्वानी – भीमताल –हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम कनक की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब रुद्रपुर डिपो की बस (यूके 06 पीए 1726) ने बच्ची को टक्कर मार दी और उसे करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए।घटना के बाद मौके पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने रोडवेज बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए और जमकर हंगामा किया।
हादसे के चलते इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। तिकोनिया से भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



