लिटराटी में दिखा साहित्य और कला का संगम
दीक्षा इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को दो दिवसीय साहित्य उत्सव लिटराटी 2026-27 का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चारु तिवारी, अशोक पांडे एवं गौरव त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया, जिसमें लेखन, नाटक और कला प्रदर्शन शामिल थे।

दीक्षा बिष्ट लमगड़िया हल्द्वानी। दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को दो दिवसीय साहित्य उत्सव लिटराटी 2026-27 का शुभारंभ हुआ। अ सेलिब्रेशन ऑफ़ लिट्रेचर, आर्ट एंड एक्सप्रेशन थीम पर आधारित इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति और कलात्मकता प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच प्रदान किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रंगकर्मी चारु तिवारी, लेखक व अनुवादक अशोक पांडे एवं गौरव त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधन समिति ने सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक ने कहा कि साहित्य और कला का संगम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को विकसित करने में सहायक होता है।
पहले दिन का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध लेखक अशोक पांडे का सत्र रहा। उन्होंने कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के साथ अपनी चर्चित कृति लप्पूझन्ना पर रोचक चर्चा की। वहीं, थिएटर विशेषज्ञ चारु तिवारी के नाटक चोर मचाए शोर ने बच्चों का दिल जीत लिया। उन्होंने मोनोलॉग्स और संवाद अदायगी के माध्यम से अभिनय की बारीकियों को बेहद प्रभावशाली ढंग से समझाया। कक्षा 1-2 के नन्हे बच्चों ने आर्ट कॉर्नर में रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाएं उकेरीं और कविता पाठ किया। कक्षा 3 से 5 के लिए ओपन माइक और जैम सेशन आयोजित हुए। वहीं बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने हरफनमौला संस्था के सहयोग से आयोजित स्वरचित हिंदी कविता सम्मेलन और साउंड सिम्फनी में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रबंधक समित टिक्कू, शैक्षणिक डायरेक्टर स्मृति टिक्कू, प्रधानाचार्य रूपक पांडे सहित समस्त शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


