Nainital News: मर्डर की अफवाह से भड़का गांव, कंजरवेटर को ग्रामीणों ने जंगल की ओर खींचा

Date:

हल्द्वानी। भद्यूनी गांव में कमल की मौत के बाद सोशल मीडिया पर फैली मर्डर की अफवाह ने माहौल को भड़का दिया। इसी गुस्से के बीच जब कंजरवेटर नितीश मणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने हाथ पकड़कर उन्हें जबरन जंगल में घटनास्थल की ओर ले जाने की कोशिश की। ग्रामीण इस बात पर अड़े थे कि अधिकारी खुद मौके पर जाकर सच्चाई देखें जिससे वहां तनाव और टकराव की स्थिति बन गई।

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जंगल से बरामद शव की फोटो वायरल होने पर कमल की हत्या की अफवाह फैल गई। इस फोटो में कमल जंगल में जमीन पर पेट के बल पड़ा था और उसका शरीर नग्न था। कंजरवेटर नितीश मणि त्रिपाठी ने भी इसे मर्डर मान लिया और विधायक बंशीधर भगत के फोन करने पर यही सब दोहरा दिया। फोन स्पीकर पर था लिहाजा कंजरवेटर के मर्डर वाले शब्दों ने आग में घी डालने का काम किया और ग्रामीण बुरी तरह भड़क उठे।

गुस्साए ग्रामीणों का कहना था कि अब जब तक कंजरवेटर मौके पर नहीं आएंगे तब तक वह यहांं से नहीं उठेंगे। विधायक भगत ने कंजरवेटर को तत्काल गांव पहुंचने के निर्देश दिए। त्रिपाठी दोपहर दो बजे के करीब मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाना चाहा लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी।

उल्टा उनकी ओर से कहे गए मर्डर वाले शब्दों पर गहरी आपत्ति जताई। ग्रामीणों ने कहा कि वह इसे मर्डर कह रहे हैं तो घटनास्थल और शव बरामदगी स्थल तक जाकर खुद देख लें। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कोई व्यक्ति कंजरवेटर का हाथ खींचकर उन्हें जंगल की ओर ले जाने का प्रयास करने लगा। इससे मौके पर खासा हंगामे की स्थिति पैदा हो गई और हाथापाई होते-होते बची।

बाद में कंजरवेटर ने स्वयं ग्रामीणों के साथ उस स्थान को देखा जहां से शव व शरीर के अन्य अंग बरामद हुए थे और वहां भी पहुंचे जहां से वन्य जीव ने कमल पर हमला कर उसे उठाया था। तत्पश्चात कंजरवेटर ने विभागीय उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति बताते हुए ग्रामीणों की एकसूत्रीय मांग वन्यजीव को मारने के आदेश कराने संबंधी जानकारी दी।

कंजरवेटर बोले, मैं अदना आदमी हूं, विधायक जी कराएंगे आदेश

गुस्साए ग्रामीणों ने कंजरवेटर नितीश मणि त्रिपाठी और डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया को घेरा हुआ था। वह कंजरवेटर से वन्यजीव को मारने के आदेश कराने की मांग कर रहे थे। कंजरवेटर के ठीक सामने भीड़ में विधायक बंशीधर भगत भी ग्रामीणों की बातें सुन रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की मांग पर कंजरवेटर त्रिपाठी विधायक की ओर देख ग्रामीणों से बोले मैं तो अदना सा आदमी हूं, भगत जी तो वन मंत्री रहे हैं। उनके स्तर से ही होगा, वही कराएंगे आदेश।

पांच साल पहले भी एक महिला को वन्य जीव ने मार डाला था

हल्द्वानी। भद्यूनी गांव में वन्य जीव के हमले में हुई यह पहली मौत नहीं है। गांव के बुजुर्ग शिवदत्त सिंह और लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पांच साल पहले प्रेम बल्लभ की पत्नी घास लेने जंगल गई थी। वन्यजीव ने जंगल में उसे निवाला बना लिया था।

जिस गांव में शादी की रौनक थी वहां अब मातम ही मातम

कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के भद्यूनी गांव में 35 परिवार रहते हैं। अधिकतर लोगों के घर एक-दूसरे से एक दो खेत की दूरी पर हैं। बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान विपिन चंद्र पलड़िया के घर बारात आई थी। पूरा गांव शादी के जश्न में शामिल हुआ। धूमधाम से प्रधान ने अपनी बेटी की विदाई की। बारात जाने के बाद लोग घरों को लौट गए थे। शादी से पूरे गांव में रौनक थी। कमल भी इस शादी का गवाह बना। वह शादी में पहुंचे अपने दोस्तों, रिश्तेदारों से मिला। उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। शुक्रवार को उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से गांव में मातम पसर गया।

हंगामे के बीच बेसुध हो गई बच्ची

शुक्रवार दोपहर में जब ग्रामीण कमल के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक बच्ची अचानक बेसुध हो गई। आनन-फानन लोगों ने उस पर पानी का छिड़काव किया। कुछ देर बाद उसके होश आने पर ग्रामीणों ने राहत महसूस की।

मोबाइल नेटवर्क न होने से बढ़ीं दिक्कतें

कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में शामिल भद्यूनी गांव काठगोदाम से लगभग आठ किलोमीटर दूर पहाड़ी में स्थित है। यहांं बसासत घने जंगलों के बीच है। ऐसे में यहां मोबाइल नेटवर्क की दिक्कत है। गांव में कुछ ही स्थानों पर जिओ और बीएसएनएल के सिग्नल आते हैं जबकि अधिकतर क्षेत्रों में मोबाइल फोन शोपीस बने रहते हैं। शुक्रवार को विधायक बंशीधर भगत, दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला व वन विभाग के अधिकारियों को भी नेटवर्क न होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ब्लॉक प्रमुख ने चेताया लेकिन विभाग ने गंभीरता से नहीं लिया

भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह भद्यूनी के प्रधान विपिन चंद्र पलड़िया के घर शादी में पहुंचे थे। वापस लौटते वक्त ग्रामीणों ने उन्हें बताया था कि गांव में बाघ घूम रहा है। इस पर उन्होंने काठगोदाम पहुंचने के बाद तत्काल रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया को भद्यूनी में बाघ की मौजूदगी की सूचना देकर समय रहते ग्रामीणों की सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने कहा कि उनकी इस बात को विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता से नहीं लिया।

अभिभावकों की मांग पर तीन दिन स्कूलों में रहेगा अवकाश

वन्यजीव के हमले में युवक की मौत के बाद से गांव में दहशत है। अभिभावकों ने प्रशासनिक अधिकारियों से तीन दिन स्कूलों में अवकाश की मांग की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट व आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रायल ने भीमताल ब्लॉक के ज्योली, दोगड़ा, डोलमार, सूर्याजाला, मोरा, ज्योलीकोट, सूर्यागांव, गांजा, रानीबाग, दो गांव, आलूखेत, भद्यूनी, बल्यूटी, हैडी, सोमगोठ, काठगोदाम, बेल और नाइसिला गांवों में संचालित शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया है।

भोजनमाताओं का भी छलका दर्द

भद्यूनी गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल में कार्यरत भोजनमाताएं नीमा देवी व उमा देवी इस घटना के बाद से दहशत में हैं। उनका कहना है कि वे जंगल से लकड़ियां बीनकर स्कूल में मिड डे मील बनाती हैं। वन्यजीव के खौफ के चलते अब वह जंगल जाने से डर रही हैं। दोनों ने एसडीएम से स्कूलों में मिड डे मील के लिए कुकिंग गैस उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर एसडीएम ने सिलिंडर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया ।

फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए सैंपल उठाए

घटना की सूचना मिलने के बाद त्रिवेणी जोशी के नेतृत्व में फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने जंगल में अलग-अलग जगहों से खून और बाल आदि के सैंपल लिए। जोशी ने बताया कि उक्त सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।

कट्टे में रखकर लाए सिर

वन्यजीव ने युवक के शव को क्षत-विक्षत कर दिया था। धड़ कहीं पड़ा था और सिर कहीं और। ऐसे में ग्रामीण युवक के सिर को कट्टे में रखकर सड़क तक लाए। बाद में इस कट्टे को धड़ के समीप ही रख दिया गया।

भारी संख्या में पुलिस फोर्स रही मौजूद

भद्यूनी गांव में ग्रामीणों का आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से शुक्रवार को भारी संख्या में पुलिस फोर्स भेजी गई थी। एसपी नैनीताल, सीओ हल्द्वानी, हल्द्वानी कोतवाल व काठगोदाम के थानाध्यक्ष के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। काठगोदाम से भद्यूनी तक के मार्ग में भी जगह-जगह पुलिस कर्मी नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Cannot force a minor to carry pregnancy, says SC | India News – The Times of India

<img src="https://static.toiimg.com/thumb/msid-130506762,imgsize-13834,width-400,height-225,resizemode-4/130506762.jpg" alt="Cannot force a minor to carry pregnancy,...

To prevent ‘mischief’, no leave for medicos during NEET | India News – The Times of India

<img src="https://static.toiimg.com/thumb/msid-130506737,imgsize-54116,width-400,height-225,resizemode-4/neet.jpg" alt="To prevent ‘mischief’, no leave for medicos...