बागेश्वर। जिले के भीड़ी-दफौट क्षेत्र में शनिवार से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार 24 घंटे से अधिक समय तक लाइट न होने के कारण ग्रामीणों के दैनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे। बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति और मोबाइल चार्जिंग जैसे आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ा।
ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। दुगनाकुरी क्षेत्र में भी तेज हवाएं चलने के कारण बिजली की आंख-मिचौली जारी रही, जिससे स्थानीय लोग परेशान रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि बार-बार होने वाली कटौती से राहत मिल सके। एसडीओ आनंद खोलिया ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण लाइन में दिक्कत आ गई थी। विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर लाइन की मरम्मत कर दी है और अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। संवाद

