बागेश्वर। जिले के तीनों नगर निकायों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। निकायों में होने वाले जलभराव से निजात दिलाने के लिए बनाए गए ड्रैनेज प्लान की डीपीआर को मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने संस्तुति प्रदान कर शासन को भेज दिया गया है।
सिंचाई विभाग ने तीनों निकायों के लिए ड्रैनेज प्लान की डीपीआर तैयार कर भेजी थी। नगरपालिका के ड्र्रैनेज प्लान की लंबाई 35.32 किमी और लागत 1.29 अरब रुपये प्रस्तावित है। गरुड़ के ड्रैनेज सिस्टम की लंबाई 8.28 किमी और प्रस्तावित लागत 25.54 करोड़ और कपकोट नगर के ड्रैनेज की लंबाई 10.14 किमी और प्रस्तावित लागत 37.28 करोड़ रुपये है। अब शासन स्तर से डीपीआर की समीक्षा कर बजट को मंजूरी दी जाएगी। योजना के धरातल पर उतरने के बाद नगरपालिका के सभी 11 और दोनों नगर पंचायताें के प्रत्येक वार्डों में जल निकासी की सुविधा उपलब्ध होगी। जलभराव से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। समिति की संस्तुति ने उम्मीद की किरण तो जगाई है, हालांकि योजना के परवान चढ़ने में वक्त लग सकता है। सिंचाई विभाग के ईई हामिद हसन ने बताया कि बैठक में तीनों निकायों के लिए बनी डीपीआर को संस्तुति मिल गई है। शासन से बजट की मंजूरी मिलने के बाद ही योजना आगे बढ़ेगी।

