Updated: Sun, 22 Mar 2026 08:34 AM (IST)
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हल्द्वानी में चुनावी हुंकार भरते हुए उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा किया। …और पढ़ें

कुमाऊं से राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार के चार वर्ष पूरा होने पर गिनाईं उपलब्धियां

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
गणेश जोशी, हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनावी हुंकार भरी और कहा कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार की जमकर उपलब्धियां गिनाईं और उत्तराखंड से अपना नाता जोड़ते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड के अलग होते समय वही मुख्यमंत्री थे। इसलिए वह राज्यवासियों के स्वभाव से भलीभांति परिचित हैं।
देश का उत्तराखंड ऐसा राज्य है, जहां लोगों के सौम्य स्वभाव में पर्वत जैसी अटलता है। इतना ही नहीं, रक्षा मंत्री ने कहा कि चार वर्ष में सीएम धामी ने चौका लगाया है, लेकिन छह वर्ष पूरा होने पर उत्तराखंड की राजनीति में वह छक्का मारने में भी कामयाब होंगे।
शनिवार को एमबी इंटर कालेज मैदान में जन-जन की सरकार चार साल बेमिसाल नाम से आयोजित जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कुमाऊं से चुनावी शंखनाद करते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में राज्य ने इतिहास रच दिया। आज राज्य में जिस तरह का माहौल दिख रहा है, इससे लग रहा है कि आगामी चुनाव में भाजपा को पहले से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त होगी। उत्तराखंड देश के सामने आदर्श राज्य बनेगा।
साथ ही उन्होंने अपने संबोधन के जरिये सैनिकों, युवाओं, महिलाओं को भी साधने की कोशिश की। सीमांत क्षेत्रों के विकास भी जिक्र किया। राजनाथ चुनावी माहौल बनाते हुए चार वर्ष की योजनाओं के जरिये लोगों से धामी पर ही विश्वास जताने पर जोर दिया।
विकसित उत्तराखंड बनने से अब कोई नहीं रोक सकता
रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में चार धाम आलवेदर रोड प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।श्रद्धालुओं की सुगम व सुरक्षित यात्रा के लिए यह परियोजना ऐतिहासिक कदम है। इससे रोजगार के साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। राज्य में दो लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम हो रहा है। ऐसे में उत्तराखंड को विकसित राज्य बनने से कोई रोक नहीं सकता है।
अब धाकड़ धामी नहीं, धुरंधर धामी कहिए
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2022 के चुनाव के दौरान मैंने कहा था कि भाजपा पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही जीतेगी। पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। तब एक सार्वजनिक सभा में संबोधित करते हुए कहा था कि हमारा धामी साधारण धामी नहीं है, धाकड़ धामी है, लेकिन अब धाकड़ धामी नहीं कहा जाना चाहिए, अब धुआंधार काम की वजह से इन्हें धुरंधर धामी कहा जाना चाहिए। क्योंकि वह राज्य बनने के बाद भाजपा सरकार के छठे मुख्यमंत्री हैं।
अवैध घुसपैठ करने वालों के लिए उत्तराखंड में जगह नहीं
रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आस्था व संस्कृति का भी केंद्र है। इसकी पवित्रता को बनाए रखना आवश्यक है। ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध घुसपैठ करने वालों के लिए उत्तराखंड में कोई जगह नहीं है। अगर कोई बाहर से आकर बसना चाहता है, उसमें कोई आपत्ति नहीं, लेकिन गैर कानूनी तरीके से जहा-तहां बस जाए। इसी को लेकर सख्त कार्रवाई जरूरी है। धामी के नेतृत्व में 10 हजार अतिक्रमण तोड़ना बड़ा काम है।
विपक्ष पर साधा निशाना
राजनाथ ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हार जाती है, तब ईवीएम से लेकर चुनाव आयोग को दोष देने लगती है। एसआइआर चल रहा है, तो कहा जा रहा है कि वोट काटे जा रह हैं। अवैध मतदाता व दूसरे देश के रहने वाले लोगों का नाम मतदाता सूची में क्यों रहना चाहिए। इस सवाल का उनके पास कोई जवाब नहीं है। विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि स्वयं में ईमानदार बनिए। अपने आरोपों से दूसरों का ध्यान न भटकाएं।

