बागेश्वर। जिले में बारिश का दौर जारी है। पूरे दिन जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बारिश होती रही।कपकोट के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान गिर गया है। लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। निचले इलाकों में सर्द हवाओं ने भी परेशानी बढ़ा दी है।
मंगलवार की रात से ही जिले में बारिश शुरू हो गई थी। बुधवार की सुबह से लेकर शाम तक बारिश होती रही। बारिश के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम पूरे करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार में भी अन्य दिनों की अपेक्षा राहगीर कम थे। ग्राहकों की कमी के कारण दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ा।
गरुड़, कपकोट, कांडा, काफलीगैर और दुगनाकुरी तहसील क्षेत्रों में भी पूरे दिन बारिश जारी रही। कपकोट की पिंडर घाटी के खाती, जातोली, बोरबलड़ा, चिल्ठा, बघर आदि गांवों के समीप की पहाड़ियों पर हिमपात हुआ। हालांकि बर्फबारी कम मात्रा में हुई, लेकिन इससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह का मौसम अप्रैल में अमूमन नहीं होता है। इस साल भारी बारिश के कारण गर्मी में भी सर्दियों जैसा मौसम हो गया है।

