Hindi News
DRDO Internship Program: Selection will be done without written examination, you will get ₹ 30 thousand; Please apply by this date
By: Amar Ujala
Published: 24 October 2026
Photo / Illustration: Haldwani Times News Desk
<p>डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) के डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (डीआरडीई), ग्वालियर ने इंटर्नशिप के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस कार्यक्रम के तहत बायोलॉजिकल साइंसेज, केमिकल साइंसेज और इंजीनियरिंग पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। इस इंटर्नशिप के माध्यम से छात्रों को संबंधित क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपने विषय-ज्ञान को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।</p>
<p>इस इंटर्नशिप के लिए स्नातकोत्तर और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। बायोलॉजिकल साइंसेज के तहत बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी, टॉक्सिकोलॉजी और इम्यूनोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं। इन विषयों में एमएससी के तीसरे या चौथे सेमेस्टर और बीटेक के सातवें या आठवें सेमेस्टर में पढ़ने वाले विद्यार्थी पात्र हैं। वहीं, केमिकल साइंसेज के तहत केमिस्ट्री, ऑर्गेनिक केमिस्ट्री, इनऑर्गेनिक केमिस्ट्री और एनालिटिकल केमिस्ट्री में एमएससी या समकक्ष डिग्री के तीसरे या चौथे सेमेस्टर के छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और कंप्यूटर साइंस में बीई या बीटेक के सातवें या आठवें सेमेस्टर में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र हैं।</p>
<p>आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 14 नवंबर, 2026 तक 28 वर्ष से कम होनी चाहिए। इस इंटर्नशिप की अवधि छह माह निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को एक दिसंबर, 2026 को सूचित किया जाएगा, जबकि इंटर्नशिप एक जनवरी, 2027 से शुरू की जाएगी।</p>
<p>इस इंटर्नशिप के लिए उम्मीदवारों को कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन उनकी पात्रता और आवेदन के साथ जमा किए गए दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर टेलीफोनिक इंटरव्यू या वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी उम्मीदवारों का आकलन किया जा सकता है। केवल शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटर्नशिप ऑफर लेटर दिया जाएगा। इसलिए आवेदन फॉर्म में सही जानकारी भरना और सभी जरूरी दस्तावेज संलग्न करना आवश्यक है। चयनित छात्रों को इंटर्नशिप के दौरान कुल 30,000 रुपये मिलेंगे।</p>