Hindi News
Festive season: Despite high prices of almonds and pistachios, sales are expected to increase, how are traders preparing?
By: Amar Ujala
Published: 23 October 2026
Photo / Illustration: Haldwani Times News Desk

वैश्विक स्तर पर बढ़े हुए तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष की वजह से ईरान और अफगानिस्तान जैसे देशों से बादाम तथ अन्य ड्राई फ्रूटस (सूखे मेवे) की आपूर्ति प्रभावित हुई। जिसकी वजह से पिस्ता, बादाम अखरोट की कीमतों पिछले साल की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ी हुई हैं। बावजूद इसके धनतेरस, दिवाली और भाईदूज पर कारोबारियों को बिक्री अच्छी होने की उम्मीद है।

मुंबई मेवा मसाला मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश गणात्रा ने अमर उजाला डॉटकॉम के साथ बातचीत में बताया कि, पिछले साल की तुलना में बादाम, पिस्ता, अखरोट के कीमतें 20 से 30 प्रतिशत बढ़ी हैं, लेकिन बाजार में मांग बनी हुई है। उपहार के रूप में देने के लिए हमें अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं, लेकिन यह कह सकते हैं, उनकी मात्रा कम हो गई है। उदाहरण के लिए कोई 250 ग्राम बादाम देता था तो उसकी जगह 100 या 200 ग्राम हो गया है। बाजार में रौनक है मांग भी बनी हुई है। इसलिए हमें उम्मीद है पिछले साल की दिवाली की तुलना में इस साल बिक्री में 10 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।

उन्होंने बताया कि कंपनियों का गिफ्ट के लिए एक निश्चित बजट होता है और वे उसी के भीतर उपहार तैयार कराना चाहती हैं। इस वर्ष ड्राई फ्रूट्स महंगे होने के कारण कंपनियां गिफ्ट बास्केट का वजन कम कराने के साथ-साथ महंगे मेवों की जगह अपेक्षाकृत सस्ते विकल्प शामिल करने पर जोर दे रही हैं। काजू की कीमतें अन्य कुछ मेवों की तुलना में अपेक्षाकृत प्रतिस्पर्धी होने के कारण इसकी मांग बनी हुई है। इसके अलावा, अखरोट और अंजीर को भी कंपनियां अपने गिफ्ट पैक में शामिल करने को प्राथमिकता दे रही हैं।

नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल (इंडिया) के अध्यक्ष गुंजन जैन कहते हैं, बादाम, पिस्ता, किशमिश और अखरोट सहित लगभग सभी प्रमुख नट्स एवं ड्राई फ्रूट्स की कीमतें अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। भारत में खजूर का प्रमुख आपूर्ति स्रोत मध्य पूर्व है। वहां से माल मंगाने की लागत बढ़ने के कारण खजूर की कीमतों में भी तेजी आई है। भारत में बादाम का सबसे अधिक आयात अमेरिका से होता है। इस वर्ष अमेरिका में बादाम के उत्पादन में कमी और शिपमेंट में देरी के कारण भारतीय बाजार में इसकी उपलब्धता प्रभावित हुई है।

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय खाद्य तेल व्यापारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर ठक्कर ने कहा कि ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भारी वृद्धि के बावजूद दीपावली को लेकर बाजार में उत्साह बना हुआ है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बिक्री रहने की उम्मीद है। हालांकि, बढ़ती कीमतों और बाजार में प्रतिस्पर्धा के कारण कारोबारियों के लाभ का अनुपात कम हो सकता है। उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार व्यापारियों के लिए कारोबार का महत्वपूर्ण अवसर है। कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद बाजार में मांग बनी रहना व्यापारिक गतिविधियों के लिए सकारात्मक संकेत है।