भवाली(नैनीताल)। देश-विदेश से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को अब जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से पांच किमी भवाली-नैनीबैंड-सैनिटोरिम बाईपास पर वाहनों की आवाजाही शुरू होते ही इस समस्या से निजात मिल गई है। दूसरी ओर सैनिटोरियम-रातीघाट-दूनीखाल बाईपास का निर्माण चल रहा है। विभाग की ओर से आठ किमी सड़क का कार्य पूरा कर लिया है। 11 किमी बाईपास पर रोड कटिंग का कार्य हो चुका है। विभाग की ओर से वैली ब्रिज का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होते ही 15 जून से पहले बाईपास पर यातायात सुचारु करने का दावा विभाग कर रहा है। भवाली-नैनीबैंड-सैनिटोरियम बाईपास पर नैनीताल से भीमताल की तरफ आने और जाने वाले यात्रियों, सैलानियों और श्रद्धालुओं को भवाली बाजार होते हुए नहीं जाना पड़ रहा है। यात्रियों को दो किमी का सफर कम तय करना पड़ रहा है। इससे यात्रियों और सैलानियों को पर्यटन सीजन और वीकेंड में जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। सैनिटोरियम-रातीघाट-दूनीखाल बाईपास के बनने से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, धारचूला, रानीखेत, हल्द्वानी की तरफ और जाने वाले यात्रियों को कैंची धाम और भवाली बाजार होते हुए नहीं आना पड़ेगा। इससे उन्हें जाम से निजात मिलेगी। हालांकि उक्त बाईपास से यात्रियों को चार किमी का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ेगा।
44 करोड़ से पार्किंग, ब्रिज का हो रहा निर्माण
भवाली सैनिटोरियम के व्यापारी राजीव पांडे और संतोष तिवारी ने बताया कि बाईपास के बनने से जाम से छुटकारा मिलेगा। पर्यटन कारोबारियों और व्यापारियों के कारोबार को भी लाभ मिलेगा। पर्यटन सीजन में स्कूली बच्चों को भी जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। लोनिवि की ओर से कैंची धाम में 44 करोड़ की लागत से पार्किंग, ब्रिज, हेलिपैड और ध्यान केंद्र के साथ अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।
रातीघाट-दूनीखाल बाईपास पर रोड कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है। ब्रिज और कलमठ का काम किया जा रहा है। हमारा प्रयास है की 15 जून से पहले बाईपास पर यातायात सुचारु कर दिया जाएगा। इससे पहाड़ जाने वाले यात्रियों और सैलानियों को कैंची धाम में जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। रत्नेश कुमार सक्सेना, ईई लोनिवि

