उत्तराखंड में सूरज के तेवर तल्ख होते ही न केवल इंसान, बल्कि बेजुबान भी बेहाल हैं। इसी बीच हल्द्वानी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक बंदर ने अपनी प्यास बुझाने के लिए बिल्कुल इंसानों जैसा तरीका अपनाया।
.
इंसानों की तरह पाइप पकड़कर पीता रहा पानी
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बंदर किस तरह से पाइप को अपने हाथों से बैलेंस कर रहा है। वह काफी देर तक पानी की धार के साथ खेलता रहा और अपनी प्यास बुझाता रहा। वहां मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। बंदर का यह ‘कूल’ अंदाज अब इंटरनेट पर वायरल हो गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के गार्डन का नजारा
वायरल वीडियो हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर का बताया जा रहा है। यहां के गार्डन में पौधों की सिंचाई के लिए पाइप लगा हुआ था। भीषण गर्मी के बीच एक बंदर को जोरों की प्यास लगी, तो वह सीधा गार्डन में पहुंच गया। वहां पानी के खुले पाइप को देखकर बंदर ने उसे हाथों से पकड़ा और मजे से पानी पीने लगा। काफी देर तक पानी से खेलता रहा। सोशल मीडिया पर अक्सर जानवरों के प्यारे, हंसाने वाले या इमोशनल वीडियो वायरल होते रहते हैं। लेकिन बंदर का यह ‘कूल’ अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यूजर्स इस वीडियो को बार-बार देख रहे हैं और इसे ‘इंसानी समझ’ से जोड़कर देख रहे हैं।

