गर्मी से बढ़ीं लोगों में ईएनटी समस्याएं
हल्द्वानी में बढ़ते तापमान के कारण कान, नाक और गले की समस्याएं बढ़ रही हैं। ईएनटी विभाग ने लोगों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। अत्यधिक ठंडे पेय और एसी की ठंडी हवा से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

हल्द्वानी, संवाददाता। लगातार बढ़ते तापमान के बीच शहर के लोगों में कान, नाक और गला (ईएनटी) से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. शहजाद अहमद ने बताया कि गर्मी में डिहाइड्रेशन के कारण गला सूखना, खराश और संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने चेताया कि अधिक आइसक्रीम, ठंडे पेय और बेहद ठंडा पानी गले में संक्रमण, टॉन्सिलाइटिस और खांसी का कारण बन सकते हैं।
वहीं, एसी की सीधी ठंडी हवा से सर्दी-जुकाम, नाक बंद और गले में दर्द की शिकायत बढ़ सकती है। गर्मी में उड़ने वाली धूल से एलर्जी, छींक और साइनस की समस्या भी बढ़ रही है। इसके अलावा नहाने या स्विमिंग के बाद कान में पानी रह जाने से संक्रमण का खतरा रहता है। तेज गर्मी में नाक की नसें सूखने से नकसीर की समस्या भी सामने आ रही है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि कान दर्द, सुनाई कम होना, गले में तेज दर्द, नाक से लगातार पानी या खून आने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और स्वयं दवा लेने से बचें।


