घर में कीमती सामान छोड़ तीन सिलेंडर उठा ले गया चोर
गैस संकट के बीच हल्द्वानी में एक युवक ने बंद घर से तीन गैस सिलेंडर चुरा लिए। आरोपी ने जानबूझकर महंगी ज्वेलरी और सामान को छोड़ दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम प्रदीप कुमार है, जो नशे का आदी है और पहले पीड़िता के घर पर केयर टेकर था।

संतोष जोशी हल्द्वानी। गैस संकट के बीच अब चोरों की नजर भी कीमती जेवरात और सामान छोड़कर गैस सिलेंडरों पर टिक गई है। मुखानी की आदर्शनगर कॉलोनी में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया जहां एक युवक ने बंद घर से कीमती सामान छोड़ तीन सिलेंडर चोरी कर लिए। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।एसओ मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि श्वेता क्यूरा निवासी गली नंबर-3 आदर्श नगर मुखानी ने 17 अप्रैल को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि पति के इलाज के लिए वह उनका परिवार चार मार्च से 11 अप्रैल के बीच दिल्ली में रहा।
जब परिवार वापस लौटा तो देखा कि गैलरी में रखे दो भारत और एक इंडेन कंपनी का घरेलू गैस सिलेंडर गायब था। सीसीटीवी चेक किया तो एक युवक सिलेंडर चोरी करता दिखा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले और पूछताछ के बाद आरोपी को शुक्रवार को चंबल पुल के पास से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप कुमार निवासी दमुवाढूंगा, बेड़ीखत्ता काठगोदाम बताया। दरोगा अविनाश मौर्य के मुताबिक आरोपी नशे का लती है। दो माह पूर्व तक वह शिकायतकर्ता के घर पर बतौर केयर टेकर काम करता था। उनकी गाड़ी भी चलाता था। जैसे ही उसे परिवार के यहां नहीं होने का पता लगा तो उसने तीन सिलेंडर चुरा लिए। उन्हें बेचकर नशे की लत पूरी करना चाहता था। आरोपी ने गैस संकट के बीच सिलेंडर चुराना सही समझा क्योंकि उसे पता था कोई न कोई उन्हें जरूर खरीद लेगा। वहीं उसने घर में रखे लाखों के गहने और अन्य सामग्री को हाथ नहीं लगाया। आरोपी की निशानदेही पर संतोषी माता मंदिर काठगोदाम से सिलेंडर बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस टीम में कांस्टेबल रोहित और बलवंत सिंह रहे।


