जुगाड़ और कबाड़ वाहनों पर आरटीओ का डंडा, पांच ई-रिक्शा सीज
हल्द्वानी में परिवहन विभाग ने जुगाड़ और कबाड़ वाहनों पर सख्ती शुरू की है। आरटीओ प्रवर्तन टीम ने चेकिंग अभियान चलाकर 5 ई-रिक्शा और ऑटो सीज किए, और 74 वाहनों के चालान काटे। चंबलपुल क्षेत्र में अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

बृजेंद्र मेहता हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। शहर में जुगाड़ और कबाड़ वाहनों के संचालन पर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को आरटीओ प्रवर्तन टीम ने अलग-अलग रूटों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर पांच ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा सीज किए, जबकि 74 वाहनों के चालान काटे गये । कार्रवाई के बाद अवैध रूप से चल रहे वाहनों में हड़कंप मच गया।दरअसल, चंबलपुल क्षेत्र में मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में बिना नंबर प्लेट के ऑटो से सामान ढोने की खबर हिन्दुस्तान ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी।इसके बाद एआरटीओ प्रवर्तन की टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया।
एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सिंगवान ने बताया कि जांच के दौरान तीन ई-रिक्शा के सभी दस्तावेज एक्सपायर पाए गए, जबकि एक ई-रिक्शा की फिटनेस फेल मिली। नियमों का उल्लंघन मिलने पर चारों वाहनों को सीज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हाट बाजारों में कबाड़ या जुगाड़ बनाकर सामान और सवारी ढोने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही बीते दिनों 31 दिसंबर 2024 को कबाड़ घोषित कर पंजीकरण निरस्त किए जा चुके एक ऑटो रिक्शा के सड़क पर चलने का मामला भी सामने आया था, जिसके चालक और मालिक को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


