टनकपुर बैराज मार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में पूर्णागिरि धाम से लौट रहे एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक अज्ञात स्कूटी ने टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
.
जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के फिरोजपुर गुलरिया निवासी आनंदपाल (55) मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के बाद नेपाल के ब्रह्मदेव की ओर जा रहे थे। बैराज मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 112 आपात सेवा की मदद से घायल आनंदपाल को उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक टक्कर मारने वाला स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी चेतन रावत ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

