हल्द्वानी में भगवान झूलेलाल का 1076वां जन्मोत्सव भक्तिभाव से मनाया गया। भजन संध्या में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सम्मानित किए गए व्यक्तियों में अमन तेजवानी, श्रीचंद तेजवानी और शंकर लालवानी शामिल थे। नए भगवान झूलेलाल मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो अगले छह माह में पूरा होगा।
हल्द्वानी, संवाददाता। बरेली रोड स्थित झूलेलाल मंदिर प्रांगण में भगवान झूलेलाल का 1076वां जन्मोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया गया। दिल्ली से आए बाबू भाई एंड पार्टी की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें दमादम मस्त कलंदर, लाल मेरी पत रखियो सदा झूलेलाल जैसे भजनों पर सैकड़ों श्रद्धालु झूम उठे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। समारोह के दौरान अमन तेजवानी को उत्तराखंड पावर वेटलिफ्टिंग में जीत और नेशनल स्तर पर क्वालीफाई करने पर सम्मानित किया गया। वहीं देश के पहले सिंधी महापौर श्रीचंद तेजवानी को अमरावती म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (महाराष्ट्र) में चुने जाने पर बधाई दी गई।
शंकर लालवानी को सांसद बनने और कशिश मेठवानी को मिस इंटरनेशनल इंडिया जीतने के बाद सीडीएस चेन्नई में ऑल इंडिया स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करने पर समाज की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कन्हैया लाल मुलानी, तरुण तेजवानी, अशोक मुलानी, देवानंद आसवानी, शंकर लाल आसवानी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।जल्द तैयार होगा भगवान झूलेलाल का भव्य मंदिरसिंधी समाज के अध्यक्ष कन्हैया लाल मुलानी ने बताया कि बरेली रोड स्थित पुरानी आईटीआई में भगवान झूलेलाल के नए मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और अगले छह माह में इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर उत्तराखंड में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

