Uttarakhand: बीजेपी की हैट्रिक लगाने का रक्षा मंत्री कर गये सियासी भविष्वाणी, धामी ने किया गुलदस्ते से स्वागत

Date:

पंतनगर एयरपोर्ट पर गुलाब के फूलों के गुलदस्ते से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चेहरे पर खिली मंद-मंद मुस्कान में उनका आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। सभा खत्म होने पर राजनाथ सिंह ने भी धामी को निराश नहीं किया और भरी सभा में उनकी तारीफों के पुल बांधे।

मौका था प्रदेश में बीजेपी सरकार के दूसरे कार्यकाल के चार साल पूरा होने का। इस उपलक्ष्य पर हल्द्वानी में एक जनसभा आयोजित की गई थी। इस सभा में उमड़ी भीड़ से गदगद राजनाथ सिंह पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में किए गए कामों की चर्चा किए बिना नहीं रहे। 

राजनाथ सिंह ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड की कमान संभालने के बाद ही विकास की बयार तेज हुई है। हल्द्वानी को कुमाऊं का प्रवेश द्वार बताते हुए उन्होंने कहा कि जबसे धामी ने प्रदेश का नेतृत्व संभाला है राज्य के बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ, पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान मिली और राज्य में स्वरोजगार के अवसर बढ़ें। 

उन्होंने उत्तराखंड के विकास को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायी बताया। पुरानी कहावत का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ के पानी ,पहाड़ और देश—दोनों के काम आना चाहिए’। उपलब्धियों का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य ने अन्य राज्यों के सामने एक आदर्श राज्य के रूप में खुद को प्रस्तुत किया है। राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

चुनावी साल के करीब होने का मौका भी राजनाथ सिंह नहीं चूकना चाहते थे। लगे हाथ उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को कोई भी ताकत सत्ता में आने से नहीं रोक सकती। इतना ही नहीं जाते-जाते विरोधी पार्टियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए। कांग्रेस की कार्यशैली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जनता को निराशा ही मिली। इसी का नतीजा रहा कि जनता ने उन्हें सत्ता से ही नकार दिया। अब जब कांग्रेस चुनाव नहीं जीत पाती है तो चुनाव आयोग और ईवीएम का बहाना लगाने लगती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि अगले विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में बीजेपी ही सरकार बनाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related