हल्द्वानी। नैनीताल जिले के पर्यटक केंद्रों की निगरानी अब एआई कैमरे करेंगे। इन पर्यटक केंद्रों में कानून व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जल्द ही ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकोनाईजेशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। शुक्रवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान बताया कि जिला विकास प्राधिकरण 33 लाख रुपये से नैनीताल, भीमताल और भवाली के प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर एएनपीआर कैमरे लगाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इससे वाहनों की गति पर नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। शहर में कितने वाहन प्रवेश हुए हैं, कितने वाहन बाहर गए, सभी का साइंटिफिक डाटा सेंटर में उपलब्ध रहेगा। मोबाइल से भी यातायात की मॉनिटरिंग की जा सकेगी। आयुक्त ने कहा कि एएनपीआर कैमरे नैनीताल शहर में वर्तमान में संचालित हैं। उससे नगर पालिका की ओर से वसूले जा रहे वाहन टैक्स की भी निगरानी होगी।
-कैंची धाम में 15 जून से पहले लगाएं कैमरे
आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि कैंची धाम गेट के पास यह कैमरे 15 जून से पूर्व लगाए जाएं। इससे कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं का आकलन सही से हो सकेगा। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहनों की मॉनिटरिंग से संबंधित डाटा प्रेजेंटेशन भी दिया। बताया कि बीते 24 घंटे में हल्द्वानी से नैनीताल 3958, नैनीताल से हल्द्वानी 1577, भवाली से नैनीताल 2540 तथा नैनीताल से भवाली 2323 वाहनों का आवागमन हुआ। इस दौरान एएसपी आरडी मठपाल के साथ ही पुलिस महकमे के अधिकारी उपस्थित थे।

