कोटाबाग। पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज कोटाबाग में प्रवक्ताओं की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विशेषकर कृषि विषय के प्रवक्ता न होने से जिले के एकमात्र कृषि विद्यालय के छात्र परेशानी से जूझ रहे हैं।
विद्यालय में हिंदी, कृषि और इतिहास विषयों के प्रवक्ता तथा एलटी संस्कृत के शिक्षक का पद लंबे समय से रिक्त हैं जिससे नियमित कक्षाएं नहीं चल पा रही हैं। पीटीए अध्यक्ष रविंद्र सिंह और क्षेत्रीय जनता का कहना है कि कृषि जैसे महत्वपूर्ण विषय की पढ़ाई प्रभावित होने से छात्रों को परीक्षा की तैयारी में भी कठिनाई हो रही है। प्रधानाचार्य हरीश चंद्र बिनवाल ने बताया कि वर्तमान में इतिहास प्रवक्ता और एलटी संस्कृत के लिए अतिथि शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। हालांकि, कृषि और हिंदी विषय में अतिथि शिक्षक उपलब्ध न होने के कारण ये पद रिक्त हैं। विभागीय स्तर पर इन रिक्त पदों को भरने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

