UP: होली से पहले मिलावटखोरों पर एक्शन, 72 घंटे में 2500 किलो पनीर और 200 किलो मावा नष्ट

Date:

होली और रमजान से पहले गाजियाबाद और हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गाजियाबाद में 2500 किलो पनीर और 200 किलो मावा नष्ट किया गया, जबकि हापुड़ में 32,500 लीटर खाद्य तेल जब्त कर नमूने जांच को भेजे गए हैं. कई टीमों द्वारा लगातार छापेमारी जारी है.

X

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की (Photo: Mayank Gaur/ITG)

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की (Photo: Mayank Gaur/ITG)

होली और रमजान के त्योहार से पहले गाजियाबाद और हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है. दोनों जनपदों में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं. गाजियाबाद में खाद्य विभाग की पांच टीमें पिछले 72 घंटे से लगातार छापेमारी कर रही हैं. अब तक 2500 किलो पनीर और 200 किलो मावा जब्त कर नष्ट किया जा चुका है. जब्त किए गए माल को जमीन में दफन कराया गया. विभाग के अनुसार 30 से 35 नमूने भी जांच के लिए भरे गए हैं.

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि 22 तारीख से अब तक 25 क्विंटल पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये से ज्यादा है, वाहनों से जब्त कर नष्ट कराया गया है. नष्ट किए गए पनीर के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं. इसके अलावा लोनी क्षेत्र से 200 किलो मावा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है. उसके भी नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

होली और रमजान से पहले मिलावटखोरों पर सख्ती

सम्बंधित ख़बरें

विभाग के अनुसार यह नकली पनीर और मावा अलीगढ़, अमरोहा और बागपत के रास्ते दिल्ली एनसीआर में सप्लाई किया जा रहा था. त्योहार के समय मांग बढ़ने पर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और बाहर से सस्ता व मिलावटी सामान लाकर बाजार में खपाने की कोशिश करते हैं. इसी को देखते हुए विभाग ने दिन-रात कार्रवाई तेज कर दी है.

वहीं जनपद हापुड़ में भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. लखनऊ से आई अपर आयुक्त के आदेश पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. विभिन्न तेल मिलों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर सरसों तेल, रिफाइंड ऑयल और वेजिटेबल पाम ऑयल के कुल 23 नमूने लिए गए.

जांच रिपोर्ट के बाद दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान 32,500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई गई है. सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप है. अधिकारियों का कहना है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. त्योहारों को देखते हुए आगे भी अभियान जारी रहेगा.
 

—- समाप्त —-

Live TV

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related