गर्मी में प्राथमिकता से हल हो पेयजल की समस्या: भगत
बैठक: विधायक बंशीधर भगत ने अधिकारियों के साथ की बैठक अधिकारियों को पेयजल समस्या के
हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। विधायक बंशीधर भगत ने गुरुवार को गर्मी के दौरान बढ़ती पेयजल की समस्या को लेकर ऊंचापुल स्थित आवास में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के सीजन में लोगों की पेयजल समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। पेयजल लाइन में दिक्कत होने पर टैंकरों के माध्यम से लोगों को पेयजल मुहैया कराया जाए। जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से रखा। जनप्रतिनिधियों ने पेयजल आपूर्ति में अनियमितता और पाइप लाइनों में हो रही लीकेज की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के इस दौर में लोगों को पेयजल के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक बंशीधर भगत ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने को कहा। पीपल पोखरा, हरिपुर जमन सिंह और पनियाली के ग्राम प्रधानों ने अपने क्षेत्रों में नलकूप व ओवरहेड टैंक निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पर विधायक ने अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोशाली, सहायक अभियंता हरीश पंत, एलएम पांडे, अवर अभियंता पंकज उपाध्याय, अधिशासी अभियंता जल निगम मुनीष कुमार, अवर अभियंता विपुल चौधरी, सहायक अभियंता संजय कुमार, अनिल कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप सनवाल, ग्राम प्रधान कपिल देवका, दिनेश जोशी, गीता, हरेंद्र सिंह, मनीष चंद, ऋतु जोशी, जसवंत सिंह, मनीष सिंह, नरेश बृजवाल, कमल दुर्गापाल, विनोद सिंह, रवि कुरिया, कमल पडलिया, कुंदन बोरा, महेश भगत, किशन सिंह दर्मवाल, त्रिलोक निगल्टिया, त्रिवेणी गयाल मौजूद रहे।


