अल्मोड़ा। नगर के एक निजी नर्सिंग कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों और शिक्षकों के बीच कहासुनी ने तूल पकड़ लिया। जिसके चलते मामला विवाद में बदल गया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर जबरन मोबाइल चेक करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस विवाद के कारण कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की तरफ से उनके मोबाइल फोन जबरन चेक किए जा रहे थे जिसका उन्होंने विरोध किया। जिसके बाद शिक्षकों ने कॉलेज प्रबंधन से उनकी शिकायत कर दी। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन उन्हें अनुचित तरीके से सजा देने का दबाव बना रहा था और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
विवाद बढ़ने पर छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और कॉलेज में पढ़ाई जारी रखने से इन्कार कर दिया। इस घटना के संबंध में फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

